मंडी, 11 अक्टूबर । मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टांडू में एक ही परिवार से जुड़े लोगों के बीच घास काटने को लेकर हुए विवाद में एक 75 साल के बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक शेर सिंह सेवानिवृत कर्मचारी था। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पधर के अंतर्गत ग्राम पंचायत टांडू के चौहट्टा गांव में घास काटने को लेकर हुए विवाद के बाद 75 वर्षीय सेवानिवृत्त लोक निर्माण विभाग कर्मचारी शेर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने उसकी बहन, भतीजे और भतीजे की पत्नी पर पत्थर मारने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। वहीं, घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जानकारी के अनुसार, चौहट्टा निवासी शेर सिंह पुत्र भगत राम का अपनी बहन और सगे भतीजे के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को घास काटने को लेकर उनके बीच बहसबाजी हुई थी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान उसकी बहन, भतीजे और भतीजे की पत्नी ने शेर सिंह पर पत्थर मारे। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बहसबाजी के बाद शेर सिंह घर में अचेत अवस्था में मिले। परिजनों ने जब उन्हें देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दो साल पहले पड़ा था पैरालाइज का अटैक बताया जा रहा है कि शेर सिंह को करीब दो साल पहले पैरालाइज का अटैक भी हुआ था। ऐसे में उनकी मौत हृदयाघात से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी भेजा गया है।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने पत्थर मारने के आरोप लगाए हैं, लेकिन शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मामले में प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभी हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।