धर्मशाला, 11 अक्टूबर । पुलिस जिला नूरपुर में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए नूरपुर पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में गश्त, नाकाबंदी एवं माइनिंग चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत हरसर, धन-मट्लाहड़, केहरियां चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग की गई। पुलिस थाना ज्वाली की टीम द्वारा गश्त, नाकाबंदी एवं माइनिंग चेकिंग के दौरान अवैध खनन से संबंधित 2 ट्रैक्टर के चालानों को मौके पर ही कंपाउंड करते हुए कुल 10 हजार जुर्माना वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त, अवैध खनन में संलिप्त पाए गए एक टिप्पर को जब्त किया गया तथा उसका चालान आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु न्यायालय को प्रेषित किया गया।
इसी दौरान पुलिस थाना कोटला के अंतर्गत अवैध खनन के संबंध में एक ट्रैक्टर का चालान किया गया।
वहीं पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां की टीम द्वारा भी अवैध खनन में संलिप्त एक टिप्पर का खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान किया गया तथा वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां परिसर में लाया गया है।
वहीं एसपी नूरपुर ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध माइनिंग एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। नूरपुर पुलिस द्वारा अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।