हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ तीन गिरफ्तार

Spread the love

आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी की हत्या की कथित साजिश का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपितों के पास से दो देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 19 जिंदा गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।

रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपित पुरानी रंजिश के कारण विक्की नंदी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। पुलिस की समय पर कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया।

सिटी एसपी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कदमा के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना का सत्यापन करने के बाद छापेमारी दल का गठित किया गया। पुलिस टीम जब फार्म एरिया स्थित मैदान के पास पहुंची, तो वहां चार युवक एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विक्की नंदी की हत्या की साजिश से जुड़ी जानकारी सामने आई है। बताया गया कि कुछ दिन पहले शक्ति बिमर का विक्की नंदी से विवाद हुआ था।

इसी विवाद के बाद आरोपितों ने बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस इस मामले में साजिश के अन्य पहलुओं और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कदमा के शास्त्रीनगर निवासी शक्ति बिमर (25), सोनारी के मरारपाड़ा निवासी धीरज पटेल उर्फ बीरी (करीब 25) और चेतन ठाकुर (करीब 21) के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, शक्ति बिमर के पास से एक देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल और छह जिंदा गोलियां, धीरज पटेल के पास से एक पिस्तौल, छह गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।

वहीं, चेतन ठाकुर के पास से चार और नाबालिग के पास से तीन जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।