हरिद्वार, 27 अक्टूबर । कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे विशेष स्वच्छता महाअभियान के सातवें दिन जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और कुंभ मेलाधिकारी सोनिका के नेतृत्व में प्रेम नगर आश्रम घाट पर बड़ा अभियान चलाया गया।
इस अभियान में प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद जी महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रेम नगर आश्रम घाट पर सुबह 8 बजे पवन कुमार, अनुज रावत व शंकर लाल के संयोजन में शुरू हुए अभियान में डीएवी स्कूल जगजीतपुर के 150 छात्र-छात्राओं, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ के 13, फायर ब्रिगेड के 50, नगर निगम के 12 कार्मिकों और अग्निशमन के 50 जवानों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान अकेले प्रेम नगर आश्रम घाट से 8 टन कूड़ा एकत्र किया गया।
अभियान के तहत अन्य स्थानों पर भी सफाई की गई। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बीएचईएल के एनएसएस स्वयंसेवियों ने गोविंद घाट से 135 किलो कूड़ा एकत्र किया। डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स और आदर्श युवा समिति की टीम ने गोविंदपुरी घाट से 700 किलो कूड़ा हटाया। जिला पंचायत द्वारा बहादराबाद ब्लॉक के मिसरपुर, नूरपुर, पंजनहेड़ी सहित 8 गांवों के बाजारों से 177 किलो कचरा एकत्र किया गया। वहीं उषा ब्रेको लिमिटेड के 18 कर्मचारियों ने मनसा देवी उड़न खटोला परिसर और हनुमान मंदिर क्षेत्र से 194 किलो कूड़ा एकत्र किया।
इस प्रकार सातवें दिन कुल 9 टन 206 किलो कूड़ा एकत्र किया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कुंभ से पहले हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए घाटों व सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पवन कार्की सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।