बीकानेर, 27 अक्टूबर । राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के शेष तीनों चरणों में प्रत्येक मतदाता भयमुक्त होकर निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी गंभीरता से कार्य करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने दूसरे चरण के मतदान के लिए मंगलवार को रवाना हुए मतदान दलों के गंतव्य स्थलों पर पहुंचने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर पर्याप्त रोशनी, जनरेटर तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए। केंद्रों के आसपास निर्माण सामग्री नहीं रखने और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने को कहा। उन्होंने मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां देने के निर्देश भी दिए।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि एरिया मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का दौरा करें तथा क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखें। नामांकन और विजय जुलूस पर प्रतिबंध की सख्ती से पालना कराई जाए। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा और मतगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतगणना कार्मिकों को भी आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को मुस्तैद रखने और निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। सीमांत क्षेत्र होने के कारण जिले में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पुलिस और प्रशासन को प्रत्येक घटना पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आयोग ने पहली बार प्रत्याशियों के लिए प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित कीं, जिनसे उन्हें नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारियां मिलीं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बीकानेर में मतदाता जागरूकता के लिए किए गए नवाचारों की सराहना की। उन्होंने निकाय चुनावों में आयोजित पाटा चौपालों तथा पंचायतीराज चुनाव में वोट बारात, मतदान का गरबा और वोट मैराथन जैसे आयोजनों को सराहनीय बताया। मतदान केंद्रों पर महिला कांस्टेबल तैनात करने और वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए स्काउट-गाइड के प्रतिनिधियों को लगाने की पहल की भी प्रशंसा की।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संभागीय आयुक्त विश्राम मीना और पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश से संभाग के अन्य तीन जिलों में चुनाव तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संभाग मुख्यालय के साथ तीनों जिलों में भी निर्वाचन प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करने को कहा। संभागीय आयुक्त ने बताया कि अन्य जिलों में तीसरे और चौथे चरण में मतदान होगा। पुलिस महानिरीक्षक ने कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया।
जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने बताया कि जिले में पहले चरण में चार पंचायत समितियों के चुनाव हो चुके हैं। दूसरे चरण के लिए पांच पंचायत समितियों के मतदान दल मंगलवार को मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए बुधवार को मतदान होगा। जिले में चारों चरणों में चुनाव होंगे और निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रत्येक चरण में मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। अवांछित गतिविधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रीना, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय की विशेषाधिकारी स्वाति शर्मा और प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।