चंदेरी, 22 नवंबर । ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन स्मारकों, पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी चंदेरी में विरासत सप्ताह के अवसर पर पर्यटन विकास की दिशा में अभिनव पहल की गई। मध्य प्रदेश शासन की पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा के तहत विशेष जॉय राइड का आयोजन कर लोगों को ऐतिहासिक नगरी का विहंगम दृश्य देखने का अवसर दिया गया। इस पहल ने चंदेरी में पर्यटन की नई संभावनाओं को भी उजागर किया।
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग, पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन अशोकनगर, स्थानीय प्रशासन चंदेरी तथा पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली जेट सर्व एविएशन एवं फ्लाई ओला के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को चंदेरी हेलीपैड से दो जॉय राइड कराई गईं। पहली राइड में छह यात्रियों ने हवाई भ्रमण किया, जबकि दूसरी राइड में चार स्कूली बच्चों को चंदेरी की खूबसूरती आसमान से देखने का अवसर मिला।
हेलीकॉप्टर से चंदेरी का भ्रमण करने वाले बच्चों में सुब्हाना पठान, विजेता बुंदेला, मयंक प्रजापति और आदित्य ओझा शामिल रहे। बच्चों के लिए यह अनुभव रोमांच और उत्साह से भर देने वाला रहा। जमीन से दिखाई देने वाली ऐतिहासिक इमारतें, पहाड़ियां और प्राकृतिक दृश्य जब आसमान से नजर आए तो बच्चे अभिभूत हो उठे।
पर्यटन, इतिहास और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी भरी उड़ान
जॉय राइड में पर्यटन विकास के लिए सक्रिय मजीद खान पठान, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. योगेश मिश्रा, पर्यटक गाइड मुजफ्फर अंसारी (कल्ले भाई), पर्यटक मित्र मनोज सोनी, इतिहासकार हेमंत दुबे तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ऋषि सेंगर भी शामिल हुए। सभी ने हवाई भ्रमण के दौरान चंदेरी के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य को निहारा तथा इस अनुभव को कैमरे में कैद किया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी मनीष धनगर, नायब तहसीलदार हिमांशी गुप्ता, पर्यटन विभाग के चंदेरी प्रबंधक अभिषेक पांडे, शहर पटवारी मुकेश जाटव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
विरासत सप्ताह के तहत आयोजित इस जॉय राइड में पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों को भी शामिल किया गया। इस पहल से पर्यटन विकास में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। चंदेरी जैसे ऐतिहासिक नगर में पर्यटन को स्मारकों तक सीमित न रखकर प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और नए अनुभवों से जोड़ने की संभावनाएं सामने आईं।
जॉय राइड में शामिल लोगों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजन चंदेरी की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नगरवासियों और पर्यटन से जुड़े लोगों ने अपेक्षा जताई कि शासन तथा हेलीकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली कंपनी भविष्य में भी इस तरह के नवाचार जारी रखे। चंदेरी की उपलब्धियों को बढ़ाने वाले प्रतिभाशाली लोगों, महिलाओं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और विश्वप्रसिद्ध चंदेरी साड़ी के बुनकरों को भी ऐसे अवसर दिए जाएं।
चंदेरी की पहचान उसके किलों, बावड़ियों, प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक इमारतों के साथ-साथ बुनकरी कला, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ी है। इन सभी पहलुओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने पर स्थानीय लोगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ चंदेरी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान मिल सकती है।
विरासत सप्ताह की यह जॉय राइड भले ही कुछ लोगों के लिए आसमान की छोटी-सी सैर रही हो, लेकिन पर्यटन विकास की दृष्टि से सकारात्मक पहल है। आवश्यकता है कि ऐसे आयोजन विशेष अवसरों तक सीमित न रहें, बल्कि चंदेरी के पर्यटन विकास की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा बनें। इससे पर्यटकों को नए अनुभव मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
चंदेरी की गौरवशाली विरासत उसके पर्यटन भविष्य को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखती है। इसके लिए जरूरी है कि पर्यटन की संभावनाओं को दिशा देने के साथ निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे।