दरभंगा, 22 नवंबर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अपने एक दिवसीय दरभंगा दौरे के दौरान मिथिला के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक दरभंगा एयरपोर्ट के नवनिर्मित टर्मिनल का उद्घाटन करा लिया जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उद्घाटन करने का आग्रह किया जाएगा। साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने का प्रस्ताव एक महीने के भीतर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अगले तीन महीने में दरभंगा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू कराने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री नागेंद्र झा स्टेडियम में विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
इस अवसर पर उन्होंने जिले में 346 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 330 करोड़ रुपये की 130 योजनाओं का शिलान्यास तथा 16 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मैथिली भाषा की प्राचीनता और मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रचलित पांच भाषाओं में मैथिली का विशिष्ट स्थान है। माता सीता भी मैथिली भाषा बोलती थीं। उन्होंने मखाना उत्पादन में बिहार की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से मिथिला का मखाना वैश्विक पहचान बना रहा है।
दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां करीब चार किलोमीटर लंबा रनवे तैयार किया जा रहा है, जो पटना और गयाजी के रनवे से भी बड़ा होगा। इसके तैयार होने से दरभंगा से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाएं मजबूत होंगी। एयरपोर्ट का विस्तार पूरे मिथिलांचल की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में दरभंगा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू होगा। इससे उद्योगों की स्थापना और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने बिहार के एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने के लक्ष्य की भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति के सम्मान में उनकी प्रतिमा राजकीय समारोह के तहत स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति एयरपोर्ट रखने का प्रस्ताव इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध मां श्यामा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी, मंत्री मदन सहनी एवं विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा सहित अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री को पाग, चादर एवं मखाना की माला पहनाकर सम्मानित किया।
सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संबोधित किया। समारोह में विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव बैद्यनाथ चौधरी बैजू, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, सांसद अशोक कुमार यादव, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, प्रो. विनय कुमार चौधरी, राज्यसभा सदस्य धर्मशीला गुप्ता, मंत्री मदन सहनी, जिला प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र, विधायक ईश्वर मंडल, पूर्व मंत्री हरि सहनी, भाजपा नेता अर्जुन सहनी सहित जिले के वर्तमान एवं पूर्व विधायक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य