धर्मशाला में नारी शक्ति सप्ताह 2025 के तहत महिला अभिकर्ताओं को सम्मानित किया गया
धर्मशाला, 06 मार्च (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग द्वारा 3 मार्च से 8 मार्च तक नारी शक्ति सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान धर्मशाला डाक मंडल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का विशेष उद्देश्य है।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविन्दर कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्ताह के दौरान महिलाओं को विभिन्न भूमिकाओं में उनके उत्कृष्ट योगदान और कार्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस कड़ी में वीरवार को अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल के कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें धर्मशाला मंडल के प्रधान डाकघर और उपडाकघरों से महिला अभिकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान महिला अभिकर्ताओं को डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, महिलाओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रत्येक महिला अभिकर्ता को उनके योगदान के लिए अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बैठक में सहायक अधीक्षक डाकघर कमल शर्मा भी उपस्थित रहे।
नारी शक्ति सप्ताह के इस आयोजन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है और इसके माध्यम से महिलाओं को उनके कार्यों और समर्पण के लिए सराहा गया है।