राष्ट्रीय खेल: बिंद्यारानी देवी ने जीता स्वर्ण, मणिपुर के नाम भारोत्तोलन में दो पदक

Spread the love

राष्ट्रीय खेल: बिंद्यारानी देवी ने जीता स्वर्ण, मणिपुर के नाम भारोत्तोलन में दो पदक

देहरादून, 31 जनवरी (हि.स.)। मणिपुर की स्टार भारोत्तोलक एस बिंद्यारानी देवी ने राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच वर्ग में 88 किलोग्राम वजन उठाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया।

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता बिंद्यारानी ने क्लीन एंड जर्क में भी अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले प्रयास में 107 किग्रा भार उठाया, हालांकि दूसरा प्रयास 112 किग्रा पर असफल रहा। लेकिन तीसरे प्रयास में 113 किग्रा उठाकर उन्होंने दमदार वापसी की। कुल 201 किग्रा भार उठाकर बिंद्यारानी ने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (202 किग्रा) से सिर्फ 1 किलोग्राम कम वजन उठाया, लेकिन स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं।

इस जीत के साथ, बिंद्यारानी ने महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में स्नैच, क्लीन एंड जर्क और टोटल लिफ्ट – तीनों राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं। एक नया रिकॉर्ड बनाना हमेशा खास होता है।”

मणिपुर की झोली में एक और पदक जोड़ते हुए एल. नीलम देवी ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 81 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 101 किग्रा भार उठाकर पोडियम पर जगह बनाई। वहीं, बंगाल की शरबानी दास ने 81 किग्रा स्नैच और 106 किग्रा क्लीन एंड जर्क के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

बिंद्यारानी की जीत और नीलम के कांस्य पदक ने भारोत्तोलन में मणिपुर के दबदबे को और मजबूत किया। यह राज्य की प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रणाली का प्रमाण है, जिसने भारतीय भारोत्तोलन में इसे एक पावरहाउस बना दिया है।

—————