अयोध्या : रामजन्मभूमि परिसर के कुबेर टीला, शिव मंदिर में पूजन अर्चन, दर्शन को रामभक्त उमड़े

Spread the love

अयोध्या, 10 अगस्त । श्रावण मास के दूसरे सोमवार को आज प्रातः से ही पूरी अयोध्या नगरी जय श्रीराम और बम बम भोले के जयकारे से गुंजायमान रही। सरयू तट पर स्नानार्थियों का रेला था। श्रद्धालुओं का प्रवाह पुण्सलिला सरयू से नागेश्वरनाथ मन्दिर होते हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की ओर निरन्तर बढ़ रहा था। श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई थीं। इस अवसर पर राम मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और परिसर के दोनों शिवलिंग, नन्दी महाराज और कच्छप का श्रृंगार किया गया था। पूरे दिन श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर भरा रहा। रामलला के दरबार से हनुमानगढ़ी तक दर्शनार्थियों की भारी भीड़ जुटी रही।

योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही थी। आवागमन सुचारु रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया था, जिससे यातायात व्यवस्था नियंत्रित रही। कांवड़ पथों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई थी।

जिलाधिकारी एसएसपी घूम घूम कर जान रहे थे श्रद्धालुओं का हाल

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर और ने क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने हनुमान गुफा, नयाघाट, पुराना सरयू पुल, साकेत पेट्रोल पंप समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल गश्त कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने संबंधित थानाध्यक्षों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय व अयोध्या एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण भी रामनगरी में घूम-घूम कर जायजा लिया।