नाहन, 18 सितंबर ।सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ एवं समर्पित नेता विनय गुप्ता के निधन से समूचा भाजपा परिवार शोकाकुल है। आज नाहन में उनके अंतिम संस्कार के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, ,भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नगरजनों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।भाजपा की ओर से दिवंगत विनय गुप्ता जी के पार्थिव शरीर को पार्टी के झंडे में लपेटकर उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान वातावरण अत्यंत भावुक हो गया और उपस्थित सभी लोगों ने नम आँखों से अपने प्रिय साथी को अंतिम विदाई दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना जीवन संगठन और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। वे सरल, सहज, मिलनसार एवं कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय संबंध सदैव स्मरण किया जाएगा।