फतेहाबाद, 20 अक्टूबर । जिले के शहर रतिया में टोहाना रोड से सटी कलर कॉलोनी में मंगलवार को एक खाली प्लॉट की झाड़ियों के बीच करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रतिया सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खाली प्लॉट में पड़े शव से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर देखा। झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। लोगों ने आशंका जताई है कि यह शव करीब दो दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में और कब हुई, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास ही एक लावारिस हालत में खड़ी मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मोटरसाइकिल किसकी थी और मृतक का इससे क्या संबंध है? पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। रतिया सिटी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव की शिनाख्त करवाने के लिए उसे रतिया के मोर्चरी हाउस में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से छानबीन कर रही है।