भागलपुर, 23 जुलाई । जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत कमरगंज पंचायत में बढ़ुआ जलाशय कार्य के कारण ग्रामीणों का आम रास्ता बंद होने पर गुरुवार को भारी बवाल हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने एकजुट होकर निर्माण कार्य को पूरी तरह बाधित कर दिया। करीब एक घंटे तक काम ठप रहने और प्रोजेक्ट मैनेजर से रास्ता देने का आश्वासन मिलने के बाद ही मामला शांत हुआ और कार्य दोबारा शुरू हो सका।
उल्लेखनीय है कि कमरगंज पंचायत में जीबीपीआर कंपनी द्वारा बढ़ुआ जलाशय का निर्माण कराया जा रहा है। कंपनी ने अचानक ग्रामीणों का आम रास्ता और कमरगंज फील्ड जाने वाला मार्ग बंद कर दिया, जिससे लोगों को काफी परेशानी होने लगी। कार्य बाधित होने की सूचना पर कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कंपनी के कर्मियों के माध्यम से प्रोजेक्ट मैनेजर से दूरभाष पर बातचीत की। प्रोजेक्ट मैनेजर ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा लिखित आवेदन मिलने पर रास्ता देने की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रोजेक्ट मैनेजर को लिखित आवेदन सौंपा और आम रास्ता देने की शर्त पर करीब एक घंटे बाद कार्य को पुनः चालू कराया।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मुखिया भरत कुमार के साथ मुख्य रूप से ग्रामीण चन्द्र मोलेश्वर कुमार, पवन झा, विनय मंडल, कालीचरण यादव, बबलू झा, जितेन्द्र कुमार, चन्द्रमनी यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।