चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी शिमला जिला कांग्रेस

Spread the love

शिमला, 05 अक्टूबर । जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। सोमवार को राजीव भवन शिमला में हुई जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा जिला कार्यकारिणी में नए और युवा चेहरों को शामिल करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में केंद्रीय चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसएआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। उनका कहना था कि इससे बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। जिला कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

जिला कांग्रेस की ओर से कहा गया कि कथित ‘वोट चोरी’ और चुनाव आयोग के फैसलों के विरोध में राष्ट्रपति को जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। बैठक में इस मुद्दे पर पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ और वार्ड कमेटियों को पुनर्गठित कर मजबूत करने पर जोर दिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। जिला कांग्रेस ने वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने को आगामी चुनावों की तैयारियों का अहम हिस्सा बताया।

बैठक में जिला कार्यकारिणी के विस्तार पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यकारिणी में नए सदस्यों को शामिल किया जा रहा है। पार्टी के प्रति समर्पित, ऊर्जावान और युवा सदस्यों को कार्यकारिणी में स्थान देकर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति बनी है।

बैठक में संगठन में अनुशासन को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि अनुशासनहीनता और पार्टी के निर्देशों की अवहेलना स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करने के साथ आगामी चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।