धर्मशाला, 05 अक्टूबर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा मानसिक बीमारी के कारण भटक रहे बेसहारा लोगों की सहायता के लिए 7 से 9 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के संवेदनशील एवं वंचित वर्ग के लोगों को समयबद्ध, मानवीय एवं उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके अधिकारों, गरिमा और कल्याण की रक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागों के समन्वय से ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। अभियान में पैरा लीगल वालंटियर भी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे।आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि चिन्हित व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ आवश्यक उपचार तथा जरूरत के अनुसार उपयुक्त मनोचिकित्सीय संस्थान में भर्ती करवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्हें परामर्श, पुनर्वास संबंधी सहायता और सामाजिक सहयोग भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें।
उन्होंने जिलावासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारी अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर सहायता एवं संरक्षण प्रदान किया जा सकता है।