सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, घायल दोस्त का इलाज जारी

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 05 अक्टूबर । जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में तितलीघाट के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल 24 वर्षीय युवक सचिन हांसदा की सोमवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सामू चतोंबा गंभीर रूप से घायल हो गया। सामू का इलाज किरीबुरू जनरल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, सलाई गांव निवासी सचिन हांसदा वर्तमान में न्यू कैंप मेघाहातुबुरु में रह रहा था। रविवार को वह अपने दोस्त सामू चतोंबा के साथ बाइक से अपने पैतृक गांव सलाई गया था। शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों बाइक से वापस किरीबुरू लौट रहे थे। तितलीघाट के समीप पहुंचने पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खाई में गिरे दोनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए किरीबुरू जनरल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन सोमवार तड़के करीब चार बजे इलाज के दौरान सचिन हांसदा ने दम तोड़ दिया। सामू चतोंबा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने पर छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी परिजनों को दी। पोस्टमार्टम हाउस में सचिन के बड़े भाई शिवनाथ हांसदा ने बताया कि सचिन इलेक्ट्रिकल अप्रेंटिस का प्रशिक्षण ले रहा था और नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छोटानागरा थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।