सर्विस रोड को सीमेंटेड करें, खुले नालों पर फैरो कवर लगाएं

Spread the love

धौलपुर, 20 जून । जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा आमजन के जीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र करवाने, चेतावनी संकेतक एवं स्पीड ब्रेकर लगाने तथा सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अधिक घनत्व वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया जाना सुनिश्चित करें। शहर में अवैध रूप से रोड़ पर खड़े हुए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगर परिषद को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराई जाए और नालियों की सफाई भी नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। शहर में खुले नालों पर फैरो कवर लगाने के निर्देश दिए। एनएचएआई के अधिकारी को एनएच 44 की सर्विस रोड को सीमेंटेड करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शहर में ज्यादा ट्रैफिक से होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य बाजारों में सर्वे कर वन वे बनाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिससे आमजन को राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने एनएचएआई के अन्तर्गत दुर्घटनाग्रस्त स्पॉट के कारणों का सर्वे कर उनको कम करने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता मधुसूदन राव सहित एनएचएआई के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।