सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी, राहगीर परेशान

Spread the love

धमतरी, 30 अगस्त । ग्राम पंचायत मुजगहन में सड़क किनारे बने निकासी मार्ग को अवरुद्ध किए जाने और घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने से राहगीरों एवं आसपास के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धमतरी-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत मुजगहन के ब्राह्मणपारा चौक के पास नाली का गंदा पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है।

लगातार पानी जमा होने के कारण सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई है। वहीं वाहनों के गुजरने पर गंदे पानी के छींटे राहगीरों और आसपास से गुजरने वाले लोगों तक पहुंच रहे हैं। इससे लोगों को असुविधा के साथ ही दुर्गंध का भी सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने ग्राम पंचायत से मामले को गंभीरता से लेते हुए निकासी मार्ग को तत्काल खोलने और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी की निकासी बाधित होने से सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है और आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। लंबे समय से बनी इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने पंचायत से तत्काल पहल की उम्मीद जताई है।

पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि सड़क किनारे से बहकर आने वाला पानी मुख्य सड़क पर जमा हो रहा है। गंदे पानी के कारण आसपास बदबू फैल रही है। वाहनों की आवाजाही के दौरान यही दूषित पानी उछलकर आसपास तक पहुंच जाता है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है और ग्राम पंचायत को इस दिशा में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। नागरिक धनराज गुप्ता ने कहा कि सड़क पर पानी बहने से फिसलन हो गई है, जिससे आम लोगों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में फिसलन के कारण किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने निकासी व्यवस्था दुरुस्त कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। इस संबंध में सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि संबंधित स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। निकासी मार्ग को खोलकर पानी के बहाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सड़क पर पानी जमा न हो और राहगीरों को राहत मिल सके।