नैनीताल, 10 नवंबर । भारत निर्वाचन आयोग ने नैनीताल जिले की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों से संबंधित विभिन्न बदलावों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 34 मतदेय स्थलों में बदलाव से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। इनमें विद्यालयों के उच्चीकरण, मतदेय स्थल भवनों के नाम में परिवर्तन, भवनों की स्थिति और मतदाताओं की सुविधा से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जनपद की 6 विधानसभाओं-लालकुआं, भीमताल, नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी और रामनगर में कुल 1,068 मतदेय स्थल हैं। स्वीकृत प्रस्तावों में तीन विद्यालयों के उच्चीकरण, नौ मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं, पांच मतदेय स्थल भवनों के नाम में परिवर्तन तथा तीन भवनों के जीर्ण-शीर्ण होने अथवा अन्य कारणों से बदलाव के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 12 मतदेय स्थलों के नाम में परिवर्तन या संशोधन और दो अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई है।
विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के अनुसार, लालकुआं में एक, भीमताल में तीन, हल्द्वानी में आठ, कालाढूंगी में 14 और रामनगर में आठ प्रस्ताव स्वीकृत किये गये हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय नैनीताल की विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।