राजस्थान में सर्दी की रफ्तार धीमी, सीकर में रात सबसे सर्द, 14 नवंबर से बदलेगा मौसम

Spread the love

जयपुर, 10 नवंबर । राजस्थान में सर्दी का असर फिलहाल तेज नहीं हो पा रहा है। प्रदेश में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है और अधिकांश शहरों में दिन के समय तेज धूप निकल रही है। सोमवार रात 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सीकर प्रदेश में सबसे सर्द रहा। वहीं, प्रदेश के 25 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी एवं उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश के सात शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इनमें भीलवाड़ा, डबोक, सीकर, सिरोही, फतेहपुर, माउंट आबू और नागौर शामिल हैं। दिन के तापमान की बात करें तो 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जबकि 22.4 डिग्री सेल्सियस के साथ फलोदी में रात सबसे गर्म रही।

राजधानी जयपुर में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.9 और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हो रहा है। आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी एवं उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छा सकते हैं।