नगर निकाय चुनाव : शिमला में 77 फीसदी से ज्यादा मतदान, शतकवीरों ने बढ़ाया उत्साह, नेरवा सबसे आगे

Spread the love

शिमला, 17 मई । शिमला जिले में रविवार को नगर निकाय चुनाव के लिए हुए मतदान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर बाद तीन बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से चला। मतदान खत्म होने के बाद मतगणना शुरू कर दी गई और देर शाम तक नतीजे आने की संभावना जताई गई है। जिले की दो नगर परिषदों और छह नगर पंचायतों के कुल 58 वार्डों के लिए मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग के अनुसार जिले में कुल 77.36 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा मतदान नेरवा नगर पंचायत में 89.08 फीसदी रहा, जबकि सबसे कम मतदान रामपुर नगर परिषद में 69.48 फीसदी रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जुब्बल में 88.93 फीसदी, कोटखाई में 84.23 फीसदी, सुन्नी में 81.36 फीसदी, ठियोग में 80.85 फीसदी, चिड़गांव में 80.48 फीसदी और चौपाल में 77.39 फीसदी मतदान हुआ।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। कई जगह महिलाएं परिवार सहित वोट डालने पहुंचीं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर लोगों की संख्या बढ़ती गई और कई जगह लंबी कतारें लगी रहीं।

इस बार चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी खास चर्चा में रही। कई बुजुर्ग सहारे के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे। चिड़गांव नगर पंचायत में 100 साल से अधिक उम्र की कौल दासी मतदान करने पहुंचीं। वहीं ठियोग के वार्ड नंबर-1 में 85 वर्षीय परमा नंद दो लाठियों के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे और वोट डाला। सुन्नी के वार्ड नंबर-1 में 85 वर्षीय जितेंद्र ने भी मतदान किया। चिड़गांव में एक बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे। इससे पहले ठियोग वार्ड नंबर-2 में 102 वर्षीय विमला देवी सूद के मतदान करने की तस्वीरें भी सामने आई थीं। इन बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी चुनाव के दौरान लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

शिमला जिले में इस बार आठ नगर निकायों के लिए चुनाव प्रक्रिया हुई। इनमें रामपुर और ठियोग नगर परिषद शामिल हैं, जबकि चौपाल, सुन्नी, कोटखाई, जुब्बल, चिड़गांव और नेरवा नगर पंचायतों में मतदान हुआ। हालांकि नारकंडा नगर पंचायत में सभी प्रतिनिधि निर्विरोध चुने जाने के कारण वहां मतदान नहीं कराया गया। नेरवा नगर पंचायत के सात में से चार वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि चिड़गांव में भी एक वार्ड में उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया है।

कई नगर निकायों में मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। रामपुर नगर परिषद के नौ वार्डों में 24 उम्मीदवार मैदान में हैं। ठियोग नगर परिषद के सात वार्डों में 19 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जुब्बल, चौपाल और कोटखाई नगर पंचायतों के सात-सात वार्डों में 14-14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं।

प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।