पुरुषोत्तम मास शुरू, मंदसौर के केशव सत्संग भवन में होंगे नारद भक्ति सूत्र पर दैनिक प्रवचन

Spread the love

मंदसौर, 17 मई । पुरुषोत्तम (अधिक) मास के शुभारंभ के साथ ही मध्‍यप्रदेश के मंदसौर शहर के खानपुरा स्थित केशव सत्संग भवन में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई है। रविवार से यहां पूज्य पाद 1008 केशवानंद जी महाराज चिन्मय मिशन, अकोला का आगमन हुआ, जहां उनके सान्निध्य में प्रतिदिन नारद भक्ति सूत्र पर आधारित दिव्य प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन समिति के अनुसार प्रवचन प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक होंगे। पुरुषोत्तम मास के पहले दिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या सत्संग भवन पहुंची और महाराज श्री के मुखारविंद से भक्ति, आत्मज्ञान और सद्कर्मों का महत्व सुना।

प्रवचन के दौरान केशवानंद जी महाराज ने कहा कि सच्ची भक्ति मनुष्य को निर्भय बनाती है। उन्होंने भक्त प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए बताया कि भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा के कारण ही प्रह्लाद हर संकट में निडर रहे।

महाराज श्री ने देवर्षि नारद के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व जन्म में वे दासी पुत्र थे, लेकिन संतों के सान्निध्य और “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः” मंत्र के निरंतर जाप से उन्होंने देवर्षि का स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने कर्मों और भक्ति के बल पर महानता हासिल कर सकता है, इसलिए जीवन में सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए।

धर्मसभा में उन्होंने आत्मज्ञान का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान की सबसे बड़ी कृपा मनुष्य जीवन पर होती है, लेकिन अज्ञानता के कारण व्यक्ति दुख और चिंता में घिरा रहता है। ईश्वर को जानने और संतों के प्रवचनों का श्रवण करने से जीवन में शांति और आनंद प्राप्त होता है।

केशव सत्संग भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीशचंद्र सेठिया और कारूलाल सोनी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान हर वर्ष संतों के प्रवचन आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए पूरे माह नारद भक्ति सूत्र पर आधारित प्रवचन श्रृंखला चलेगी, जिसमें नगर के धर्मप्रेमीजन बड़ी संख्या में शामिल होकर लाभ प्राप्त कर सकेंगे।