सूरजपुर : शिवनन्दनपुर में शुरू हुआ ईवीएम प्रदर्शन, मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी

Spread the love

सूरजपुर, 23 मई । नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन ने मतदाता जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में ईवीएम का वार्डवार प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मतदाताओं को ईवीएम संचालन, कंट्रोल यूनिट के उपयोग और बटन दबाकर मतदान करने की प्रक्रिया समझा रहे हैं। मॉक पोल के जरिए मतदाताओं को स्वयं मतदान कर व्यावहारिक अनुभव भी कराया जा रहा है, ताकि मतदान के दिन उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में अध्यक्ष और 15 वार्डों के पार्षद पदों के लिए 1 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान ईवीएम के माध्यम से 15 मतदान केंद्रों में कराया जाएगा। मतगणना 4 जून 2026 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (आजाक) बिश्रामपुर में सुबह 9 बजे से होगी।

नगर पंचायत के 15 वार्डों में कुल 4642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2335 पुरुष और 2307 महिला मतदाता शामिल हैं। अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान मतदाताओं की शंकाओं का भी समाधान किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है कि ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित, विश्वसनीय और त्रुटिरहित मशीन है।

जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से 1 जून को मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने की अपील की है।