विधायक ने रामपुर में जल जमाव इलाके का लिया जायजा, अधिकारियों को निराकरण का दिया निर्देश

Spread the love

अररिया 24 मई। फारबिसगंज के रामपुर चौक पर जल जमाव की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय विधायक मनोज विश्वास मौके पर पहुंचकर समस्याओं को देखा और तत्क्षण ही अधिकारियों को फोन कर जल जमाव की समस्या से निजात को लेकर सकारात्मक पहल करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय हो कि कल शनिवार को रामपुर के ग्रामीणों ने जल जमाव की समस्या को लेकर फारबिसगंज कुरसेला मुख्य मार्ग को घंटों जामकर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया था।ग्रामीणों द्वारा कई बार अधिकारियों से लेकर स्थानीय ग्रामीण जनप्रतिनिधि के पास समस्या के निराकरण को लेकर गुहार लगाकर थक चुके हैं।जिसके कारण सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतरकर प्रदर्शन को मजबूर हुए थे।

जल जमाव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण के बाद विधायक मनोज विश्वास ने बताया कि यूं तो इस सड़क पर ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि सालों भर जल जमाव रहता है लेकिन बरसात के दौरान इस मार्ग पर लगभग एक से दो फीट तक पानी जमा हो जाने के कारण आमजन, राहगीरों एवं स्थानीय व्यवसायियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि समस्या को गंभीरता से देखते हुए आवश्यक समाधान हेतु संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से जल्द कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।