गुरुग्राम: विभाजन की त्रासदी को याद करना आने वाली पीढिय़ों को इतिहास से जोडऩे का माध्यम: नितिन नबीन

Spread the love

गुरुग्राम, 14 अगस्त । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने कहा कि 1947 के विभाजन की त्रासदी में पीड़ा और बलिदान झेलने वाले लाखों लोगों को नमन करते हुए कहा कि यह दिवस उस पीड़ा को याद करने और आने वाली पीढिय़ों को इतिहास से जोडऩे का माध्यम है। वे शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बोल रहे थे।

नितिन नबीन ने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोडक़र विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। अनेक लोगों ने अपने परिजनों को खोया और अमानवीय परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपने इतिहास को समझता और उससे सीख लेता है, वही अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का निर्णय इसी उद्देश्य से लिया गया, ताकि नई पीढ़ी विभाजन की वास्तविकता और उस समय आम लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा से परिचित हो सके। नबीन ने कहा कि कठिन समय में समाज के लोगों ने आगे बढक़र पीडि़त परिवारों की सहायता की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें मानवता, सेवा और सामाजिक एकजुटता का महत्व सिखाती है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। नितिन नबीन ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम, विभाजन की त्रासदी और देश के इतिहास से अवश्य परिचित कराएं, ताकि नई पीढ़ी अपने अतीत को समझकर देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दे सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। नबीन ने कहा कि आज भारत का युवा स्टार्टअप, खेल, नवाचार और विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के युवाओं में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवा अब राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति में योगदान देने की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। नितिन नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लिए देश के विभाजन को स्वीकार करने वाले तत्कालीन नेतृत्व ने करोड़ों लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सांसद एवं विधायकगण, हरियाणा सरकार के मंत्रीगण, संत-महात्मा, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।