हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए एसएसबी जवानों को किया गया प्रेरित

Spread the love

सुपौल, 05 अक्टूबर । 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर के वाहिनी मुख्यालय परिसर में सोमवार को हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा अधिकारियों एवं बल कार्मिकों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं एवं अधीनस्थ इकाइयों के बलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा के महत्व, राजभाषा के रूप में हिंदी की भूमिका, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा दैनिक जीवन में हिंदी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने हिंदी के प्रति अपनी समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। निबंध लेखन के माध्यम से कार्मिकों को राजभाषा हिंदी के महत्व से अवगत कराने के साथ ही कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।सरकारी एवं अर्द्धसैनिक संस्थानों में राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग प्रशासनिक कार्यों को सरल और अधिक सुगम बनाने में सहायक है। ऐसे आयोजनों से कार्मिकों में हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होने के साथ उनकी भाषायी दक्षता भी बढ़ती है।

हिंदी पखवाड़ा के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बल कार्मिकों में हिंदी के प्रति जागरूकता पैदा करना, राजभाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा कार्यालयीन एवं दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं बल कार्मिकों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।