हाउस लिस्टिंग में फतेहाबाद जिला प्रदेश में पहले नंबर पर

Spread the love

फतेहाबाद, 26 मई । जनगणना के तहत चल रहे घर-घर गणना अभियान में फतेहाबाद जिला ने पूरे हरियाणा में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिला प्रशासन ने निर्धारित समय सीमा 31 मई से पांच दिन पहले ही शत-प्रतिशत गणना कार्य पूरा कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने न केवल जिला की प्रशासनिक कार्यक्षमता को प्रमाणित किया है, बल्कि यह भी दर्शाया है कि योजनाबद्ध रणनीति, कर्मचारियों की मेहनत और जनता के सहयोग से किसी भी बड़े लक्ष्य को समय से पहले प्राप्त किया जा सकता है। डीसी डॉ. विवेक भारती के निर्देशन में एक मई से जिलाभर में घर-घर गणना अभियान शुरू किया गया था। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पूरे जिला को आठ जोन में विभाजित किया गया। प्रत्येक जोन में चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिनके अधीन सुपरवाइजर और प्रगणकों की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहीं। प्रशासन द्वारा प्रतिदिन कार्य की समीक्षा की गई तथा प्रगति पर लगातार नजर रखी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाए, जिसके चलते यह कार्य तय समय से पहले ही पूरा हो गया।1790 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में हुआ सर्वे कार्यघर-घर गणना अभियान के तहत जिला में कुल 3 लाख 44 हजार 506 घरों की गणना की गई। इसके लिए 1790 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए थे तथा प्रत्येक ब्लॉक पर एक प्रगणक नियुक्त किया गया था। सबसे अधिक 736 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक फतेहाबाद तहसील चार्ज ऑफिसर के अंतर्गत बनाए गए। इसके अलावा टोहाना तहसील में 347, तहसील रतिया में 238, एमसी फतेहाबाद में 162, एमसी टोहाना में 130, एमसी रतिया में 88, एमसी भूना में 59 तथा एमसी जाखल में 30 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक गठित किए गए।फतेहाबाद तहसील में सबसे अधिक घरों की गणनाघर-घर गणना के दौरान तहसील फतेहाबाद में सर्वाधिक 1 लाख 31 हजार 850 घरों की गणना की गई। वहीं तहसील टोहाना में 68 हजार 215, तहसील रतिया में 50 हजार 589, एमसी फतेहाबाद में 35 हजार 355, एमसी टोहाना में 26 हजार 713, एमसी रतिया में 16 हजार 107, एमसी भूना में 10 हजार 360 तथा एमसी जाखल में 5 हजार 317 घरों की गणना पूरी की गई। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक टीमों ने लगातार घर-घर जाकर जानकारी जुटाई। लोगों ने भी प्रशासन का पूरा सहयोग किया, जिससे गणना कार्य बिना किसी बाधा के तेजी से आगे बढ़ता रहा।