दो महीने में बदले शिमला शहर के एसडीएम, निशांत शर्मा को कमान

Spread the love

शिमला, 12 सितंबर । शिमला शहर के एसडीएम की कुर्सी पर सरकार ने दो महीने के भीतर ही बड़ा बदलाव कर दिया है। जुलाई में ओशिन शर्मा की जगह शिमला (शहरी) के एसडीएम लगाए गए सनी शर्मा को अब इस पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह हमीरपुर जिले के नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा को शिमला शहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के 2025 बैच के अधिकारी निशांत शर्मा को नादौन के एसडीएम पद से स्थानांतरित कर एसडीएम शिमला (शहरी) नियुक्त किया गया है। वह हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के अधिकारी सनी शर्मा का स्थान लेंगे।

सनी शर्मा को जुलाई 2026 में ओशिन शर्मा के स्थान पर शिमला (शहरी) का एसडीएम नियुक्त किया गया था। करीब दो महीने बाद ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया है। नई अधिसूचना के अनुसार सनी शर्मा को राज्य सचिवालय में कार्मिक विभाग के पूल में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके अगले पदस्थापना आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।

शिमला शहर की अहम प्रशासनिक जिम्मेदारी अब नादौन से आए निशांत शर्मा के पास होगी। निशांत शर्मा 2025 बैच के एचएएस अधिकारी हैं और इससे पहले हमीरपुर जिले के नादौन में एसडीएम के तौर पर तैनात थे। नादौन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह विधानसभा क्षेत्र है।