दतिया, 08 सितंबर । मध्य प्रदेश के दतिया जिले के थाना बड़ौनी पुलिस की संवेदनशील पहल से पारिवारिक विवाद के एक मामले का शांतिपूर्ण समाधान हो गया। पुलिस ने पति-पत्नी के बीच चल रहे मतभेद को दूर कराने के लिए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की और आपसी समझाइश के माध्यम से उन्हें फिर से साथ रहने के लिए सहमत कराया।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ौनी थाना पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी और काउंसलिंग के माध्यम से विवाद के कारणों को समझने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों ने आपसी मतभेद समाप्त करने और वैवाहिक जीवन को फिर से साथ आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
दोनों पक्षों की सहमति और खुशी के बीच थाना परिसर में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को फूलों की माला पहनाई। इस दौरान उन्होंने आपसी विवाद भुलाकर साथ रहने और अपने वैवाहिक जीवन को नए सिरे से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पुलिस की पहल से परिवार में फिर से सहमति का माहौल बना।