बेंजामिन नेतन्याहू सरकार चलाने में अक्षमः नफ्ताली बेनेट

Spread the love

इस्तांबुल, 01 जुलाई । इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ़्ताली बेनेट ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर तीखा बयान दिया है। बेनेट ने कहा कि नेतन्याहू अपनी सरकार प्रभावी ढंग से नहीं चला पा रहे हैं क्योंकि उनकी सरकार के दक्षिणपंथी मंत्री और अति-रूढ़िवादी समूह उन पर प्रभावी नियंत्रण रखते हैं।

तुर्किये की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू

के अनुसार बेनेट ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर और वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच सहित हारेदिम (अति-रूढ़िवादी समूह) नेतन्याहू की नीतियों को प्रभावित कर रहे हैं। सरकार में नेतृत्व की कमी के कारण निर्णय स्वतंत्र रूप से नहीं लिए जा रहे हैं।

बेनेट ने कहा कि अगर उनकी सरकार होती तो वे ऐसे बयानों या नीतियों को तुरंत नियंत्रित करते और मंत्रियों को अनुशासित रखते। उनके अनुसार नेतन्याहू ऐसा करने में असमर्थ हैं क्योंकि वे गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री ने इजराइल की अंतरराष्ट्रीय छवि को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश की छवि को नुकसान बाहरी प्रचार या मीडिया से नहीं, बल्कि सरकार के अपने व्यवहार से हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इज़राइल में सार्वजनिक कूटनीति की कमी है।

गाजा, लेबनान और ईरान मोर्चों पर लंबे समय से चल रहे सैन्य संघर्षों पर बेनेट ने कहा कि ये इज़राइल की पारंपरिक सैन्य रणनीति के खिलाफ हैं। उनके अनुसार लंबे युद्ध देश की अर्थव्यवस्था और रिज़र्व सैनिकों पर भारी दबाव डाल रहे हैं।

बेनेट ने कहा, “अगर युद्ध करना है तो उसे तेज और निर्णायक होना चाहिए, ताकि जल्दी जीतकर स्थिरता लाई जा सके। लंबे युद्ध देश को कमजोर करते हैं।”

————-