श्री बालाजी अन्न प्रसादम में उमड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

Spread the love

जिला अग्रवाल सम्मेलन और आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम समिति के संयुक्त तत्वावधान में साकची स्थित श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम में भव्य श्री बालाजी अन्न प्रसादम कार्यक्रम में भक्ति का माहौल देखने को मिला।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री वेंकटेश्वर बालाजी की कृपा और दक्षिण भारतीय धार्मिक परंपराओं की छटा से सजा यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा पूर्वक अन्न प्रसादम ग्रहण किया।

पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने बताया कि सनातन संस्कृति और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान बालाजी का अन्न प्रसादम ग्रहण करना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इस आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, सेवा और एकता का संदेश फैलाना है।

मंदिर परिसर को दक्षिण भारतीय शैली में आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी फूलों की सजावट, पारंपरिक दीप और धार्मिक प्रतीकों ने श्रद्धालुओं को तिरुपति धाम जैसा आध्यात्मिक अनुभव कराया।

दोपहर में ब्राह्मण भोजन के बाद अन्न प्रसादम वितरण शुरू हुआ। श्रद्धालुओं के बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रसाद में दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुरूप सात्विक व्यंजन परोसे गए। आयोजन स्थल पर सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की। गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी, छाछ और अन्य पेय पदार्थों की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल भी सपरिवार रांची से पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान बालाजी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने आयोजन की भव्यता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम की सफलता में रानी सती सत्संग समिति, मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा, आंध्रा समाज सहित कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।