रांची, 24 मई ( हि.स.)। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पारा मिलिट्री फोर्स के जवान को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बीते 22 मई को एक युवती ने लालपुर थाना में आवेदन देकर एक युवक पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संबंधित वीडियो को जब्त किया। लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित विनय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित जवान का वर्तमान पता यूनिट-1 बटालियन, राजपुताना रायफल, नामकुम रांची है। पुलिस ने कार्रवाई की सूचना यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम रांची के कमांडिंग ऑफिसर को भी दे दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।