बाल गृह के बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी : उपायुक्त

Spread the love

खूंटी, 21 नवंबर । उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को खूंटी प्रखंड के डुगडुगिया स्थित सहयोग विलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बच्चों के बेहतर रहन-सहन तथा सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाल गृह के विभिन्न कमरों, रसोईघर, भंडार गृह, भोजनालय और विशेष देखभाल कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने और उसकी गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।

सर्दी के मौसम को देखते हुए उन्होंने बच्चों के लिए पर्याप्त संख्या में स्वेटर, कंबल और अन्य गर्म कपड़ों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं मनोरंजन की पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने फुटबॉल, बैडमिंटन, कैरम सहित अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण देने को कहा, जिससे कि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें नियमित पढ़ाई करने तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। नर्स, रसोइया, सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील एवं सजग रहने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि बाल गृह में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौके पर नियोजन पदाधिकारी-सह-सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। ———–