खूंटी की प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी की अध्यक्षता में बुधवार को उनके कार्यालय कक्ष में प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, रांची और जिला शिक्षा अधीक्षक की ओर से जारी निर्देशों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रखंड के सभी मध्यान भोजन संचालित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में जरूरी फाइल को अपडेट रखें। साथ ही उन्होंने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उनके सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिदिन निर्धारित मेन्यु के अनुसार स्वच्छ एवं साफ-सुथरे तरीके से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सभी मध्याह्न भोजन संचालित विद्यालयों में हैंडवाश और ब्लीचिंग पाउडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बाधित नहीं होना चाहिए। सभी प्रभारी प्रधानाध्यापक इसकी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। बीडीओ ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए प्लास्टिक से निर्मित किसी भी प्रकार के सामान का उपयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया। इसके अलावा ई-कचरे का उचित प्रबंधन करने और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने को कहा गया।
बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, रंजीता बाखला, प्रखंड साधन सेवी विजय कुमार शर्मा, एमडीएम कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश पूर्ति, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष ललिता नाग और शिक्षक प्रतिनिधि अनीता पूर्ति सहित अन्य उपस्थित थे।