भूगोल के शिक्षकों की कमी के विरोध आंदोलन करेगा एनएसयूआई

Spread the love

जिले के चक्रधरपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में भूगोल प्रतिष्ठा के विद्यार्थियों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण बाधित हो रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। बुधवार को एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर भूगोल विभाग में पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की। साथ ही कहा किमहाविद्यालय प्रबंधन की ओर से इस दिशा में कदम नहीं उठाया गया तो संगठन आंदोलन को बाध्य होगा।

संगठन ने ज्ञापन में कहा कि महाविद्यालय के भूगोल प्रतिष्ठा विभाग में शिक्षकों की कमी के चलते नियमित कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर पड़ रहा है। समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने से विद्यार्थियों को शैक्षणिक नुकसान उठाने की आशंका है। एनएसयूआई ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कक्षाएं नियमित रूप से चल सकें और निर्धारित समय के भीतर पाठ्यक्रम पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है और इस मामले में लापरवाही उचित नहीं है।

वहीं कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रहित में जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो एनएसयूआई के नेतृत्व में लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कोल्हान विश्वविद्यालय आंदोलनकारी सुरेश सावैयां, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष सतीश बोदरा, भुवनेश्वर तियु, महासचिव सचिन बिरुवा, आयुष हेस्सा, मीडिया प्रभारी गुलशन लागुरी सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।