आम्रेश्वर धाम में 551 महिला कांवर यात्रियों के बीच वस्त्र वितरण

Spread the love

खूंटी , 16 अगस्त । अखिल भारतीय सरना समाज खूंटी जिला के तत्वावधान में प्रसिद्ध शिवालय आम्रेश्वर धाम, आंगराबाड़ी में रविवार को कांवरिया मातृशक्ति शिव जलाभिषेक कार्यक्रम के तहत 551 महिला कांवर यात्रियों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। यह आयोजन विश्व जागृति मिशन, नई दिल्ली के पूज्य सुधांशु महाराज के सौजन्य से किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सुषमा जुयाल, खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष भीम मुंडा, मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, लीलू पाहन मेघा उरांव, सोमा मुंडा, नौरी टूटी और दीपक तिग्गा सहित बड़ी संख्या में मंदिर प्रबंधन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

वस्त्र वितरण के दौरान आदिवासी संस्कृति, आस्था और मातृशक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिला कांवर यात्रियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह रहा। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में महिलाओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था को मजबूत करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज और संस्कृति की मजबूत आधारशिला है तथा उनके सम्मान और सहयोग से सामाजिक एकजुटता को बल मिलता है।

आयोजकों के अनुसार आम्रेश्वर धाम के अलावा तपिंगसेरा प्राचीन शिव मंदिर, सोनपुरगढ़ नकटी देवी मंदिर और सूतियाम्बे मंदिर में भी हजारों महिलाओं के बीच वस्त्र वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।