युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका पर सड़क जाम

Spread the love

धनबाद, 19 मई । सदर थाना क्षेत्र के चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में मंगलवार सुबह राजेश चन्द्रवंशी (42) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक हीरापुर हटिया मोड़ में मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

बताया जा रहा है कि राजेश सोमवार रात दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजेश चन्द्रवंशी के रूप में की।

मृतक के भाई नीरज चन्द्रवंशी ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि सूद में पैसे के लेन-देन को लेकर गौतम नामक व्यक्ति से सोमवार को विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर धनबाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव उठाने का विरोध किया। बाद में परिजन शव को एम्बुलेंस में लेकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज पांडेय और धनबाद विधायक राज सिन्हा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और थाना प्रभारी को जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। उन्होंने जिले में गिरती कानून व्यवस्था और लगातार हो रही हत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि गश्त बढ़ाने और टाइगर फोर्स को सक्रिय करने के लिए एसएसपी से बात की गई है। साथ ही लोगों से अपील की कि मुहल्लों में असामाजिक तत्वों या शराब पीकर जुटने वाले लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।