जेल में बंद महिला कैदी के गर्भवती मामले की हो उच्चस्तीय जांच : जेएलकेएम

Spread the love

रांची, 19 मई । रांची स्थित होटवार जेल में बंद एक महिला कैदी के गर्भवती होने के कथित मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इस मामले को गंभीर बताते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि महिला कैदी के गर्भवती होने की घटना सही पाई जाती है, तो यह जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता को दर्शाता है। जेल जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह में इस प्रकार की घटना होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है, जिसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि जेल में बंद कैदी भी संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के हकदार हैं और उनके साथ मानवीय एवं सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। जेल मैनुअल के अनुसार बंदियों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, समुचित स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जेलों में कई बार मूलभूत सुविधाओं की कमी और निगरानी व्यवस्था में लापरवाही की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में होटवार जेल से जुड़ी यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने महिला बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि जेल परिसरों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल निगरानी रखी जा सके।

जेएलकेएम प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। साथ ही जेलों में महिला कैदियों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

राज्यपाल से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में मनीष कुमार साहू, संजीव रंजन प्रसाद, कलेश्वर बड़ाईक और फूलेश्वर बैठा भी मौजूद थे।————–