रांची, 28 जून । झारखंड क्षत्रिय महासंघ की ओर से रविवार को नेवरी विकास स्थित परिसर में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और समाज को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से महासंघ की नई कार्यकारी समिति का गठन किया गया। इस दौरान जितेंद्र सिंह को झारखंड क्षत्रिय महासंघ का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
नई कार्यकारिणी में राधाचरण सिंह को उपाध्यक्ष, हरिशंकर सिंह को सचिव, मनोज सिंह को प्रदेश मीडिया प्रभारी तथा कुलेश्वर राय को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अभिनय सिंह, शिव नारायण सिंह उर्फ शिबू सिंह, रामेश्वर दयाल सिंह, रामप्रवेश सिंह और मुरारी सिंह को संगठन का संरक्षक बनाया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों और प्रखंडों के अध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की गई।
नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज को संगठित और मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजपूत समाज को एक माला में पिरोकर एकजुट करना संगठन की प्राथमिकता होगी। समाज की एकता से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने घोषणा की कि महासंघ की नई कार्यकारिणी गांव-गांव जाकर राजपूत समुदाय की समस्याओं को सुनेगी और उनके समाधान के लिए प्रयास करेगी। साथ ही शीघ्र ही जिला स्तरीय समितियों का भी गठन किया जाएगा, ताकि संगठन का विस्तार हो और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम का संचालन विकास हॉस्पिटल के मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) राधाचरण सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एक मंच पर आकर सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में समाज के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए क्षत्रिय समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।————-