सड़क हादसे में सेवानिवृत्त सैनिक की मौत

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 28 जून । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतबा गांव के समीप रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक सेवानिवृत्त सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा प्रखंड के नूगढ़ी निवासी 58 वर्षीय सुरेंद्र जामुदा के रूप में हुई है।

मृतक के पुत्र सुनील कुमार जामुदा ने बताया कि उनके पिता अपने भाई के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाकोपसाई गए थे। वहां उनकी गाड़ी में खराबी आने के कारण उसे एक गैरेज में मरम्मत के लिए छोड़ दिया गया। इसके बाद दोनों भाई एक बाइक के घर लौट रहे थे।

इसी दौरान सायतबा गांव के समीप सामने से आ रही एक ऑडी कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सुरेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सुरेंद्र जामुदा के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे शांत एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था।————–