पेयजल संकट को लेकर विधायक ने कुआं निर्माण का दिया निर्देश

Spread the love

खूंटी , 4 जून । खूंटी प्रखंड के सुकनडीह गांव में लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों की परेशानी सामने आने के बाद स्थानीय विधायक रामसूर्या मुंडा ने गुरुवार को गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को धौबा का पानी पीने के लिए विवश हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता नहीं होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। विशेषकर गर्मी के मौसम में जल संकट और गहरा गया है, जिससे महिलाओं और बच्चों को पानी की व्यवस्था करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

तत्काल राहत के उद्देश्य से विधायक ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को गांव में कुआं निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कुआं निर्माण होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही जल समस्या से राहत मिलेगी।

मौके पर विधायक रामसूर्या मुंडा से ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं की भी जानकारी दी और समाधान की मांग की। विधायक ने सभी समस्याओं पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया। मौके पर महादेव हंसा, चम्बरा हंसा, ग्राम प्रधान लोडरो मुंडा, मार्शल टूटी, पंचायत के जेएमएम प्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।