स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को सौंपा दायित्व

Spread the love

खूंटी , 30 जुलाई । स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने बताया कि जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 8:15 बजे झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि मुख्य समारोह कचहरी मैदान में सुबह 09 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड सहित अन्य कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा। इसके अलावा उपायुक्त आवास, समाहरणालय, नगर पंचायत, जिला परिषद, अनुमंडल कार्यालय, एसडीपीओ कार्यालय और पुलिस लाइन सहित सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 08 बजे तक झंडोत्तोलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में परेड, राष्ट्रगान, आमंत्रण पत्र, मंच एवं बैठक व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, जलपान, ट्रैफिक नियंत्रण, अग्निशमन दल की तैनाती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर पंचायत को कचहरी मैदान की साफ-सफाई और साज-सज्जा की जिम्मेदारी दी गई, जबकि एसडीपीओ को परेड अभ्यास कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही शहीदों की प्रतिमाओं पर साफ-सफाई, सजावट और माल्यार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त की शाम में बिरसा कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रस्तुति देंगे। इसके लिए अलग समिति का गठन किया गया है।

उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों, सीएम एसओई के 10 वीं एवं 12 वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी औरविद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।