आपदा प्रभावित परिवारों से मिलीं जिला रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्षा, राहत सामग्री वितरित

Spread the love

धर्मशाला, 30 जुलाई । जिला रेडक्रॉस सोसायटी, कांगड़ा की अध्यक्षा एवं उपायुक्त कांगड़ा की धर्मपत्नी ज्योति बैरवा ने वीरवार को शाहपुर उपमंडल के आपदा प्रभावित गांवों घड़गूण, सपैड़ा तथा भंगार का दौरा कर 28 प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री में कपड़े तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।

इस अवसर पर ज्योति बैरवा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना हम सभी का नैतिक दायित्व है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसायटी समन्वय के साथ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने और उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।