खूंटी, 27 अप्रैल । झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत स्कूली बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर कर्रा प्रखंड कार्यालय में साेमवार काे समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया ने की।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी सरकारी और अल्पसंख्यक विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ और पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में छात्रों को पेड़ के नीचे या बरामदे में बैठाकर भोजन न कराया जाए। इसके अलावा सभी विद्यालयों में ग्लूकोज रखने का निर्देश दिया गया। चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय कर जरूरत के अनुसार विद्यालयों को ग्लूकोज उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। चिकित्सा पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ग्लूकोज उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने, पाकशाला की साफ-सफाई बनाए रखने एवं प्रत्येक कार्य दिवस में शत-प्रतिशत ई-एचएमएस अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहु, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुरेंद्र भगत सहित स्टियरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी के सदस्य, शिक्षक, संयोजिका और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपस्थित थेे।