रोटरी क्लब, चाईबासा के नए अध्यक्ष बने अमित पोद्दार

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 16 जुलाई । जिले के चाईबासा स्थित सनशाइन रेस्टोरेंट में गुरुवार को रोटरी क्लब चाईबासा का शपथ ग्रहण और प्रतिष्ठापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी मंडल 3250 के आगामी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश तनेजा ने मुख्य अतिथि और प्रतिष्ठापन अधिकारी के रूप में नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान अमित पोद्दार ने क्लब के नए अध्यक्ष और सौरभ प्रसाद ने सचिव के रूप में कार्यभार संभाला।

मौके पर मुकेश तनेजा ने कहा कि रोटरी केवल सेवा का मंच नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने की स्वतंत्रता से नेतृत्व का विकास होता है और रोटरी अपने प्रत्येक सदस्य को जिम्मेदारी निभाने का अवसर देता है। उन्होंने रोटरी क्लब चाईबासा की सक्रिय कार्यशैली और युवा सदस्यों की ऊर्जा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि क्लब भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।

समारोह में जोन-4 के सह राजपाल प्रमोद दुबे ने भी नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब से सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्लब के सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों और विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित किया गया। हस्तलेखन, वैदिक गणित एवं एबाकस की शिक्षिकाओं, टाटा लर्निंग सेंटर के संचालकों, बस स्टैंड जलमीनार परियोजना में सहयोग करने वाले बस ऑनर एसोसिएशन और क्लब की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं अनिल कुमार महतो और विवेक शर्मा को रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण कराई गई।

अध्यक्ष बनने के बाद अमित पोद्दार ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। कविता शर्मा को उपाध्यक्ष, विनय लोधा को सह सचिव, कुणाल साव को कोषाध्यक्ष, संजय गुप्ता को सर्जेंट एट आर्म्स, निरंजन प्रसाद साव को क्लब ट्रेनर, मदन लाल गुप्ता को क्लब मेंटर, हीना ठक्कर को पत्रिका संपादक तथा हर्ष राज मिश्रा को तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, शहर के गणमान्य नागरिको ने भाग लिया।