खूंटी , 13 अगस्त । देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत स्थानीय नागरिकों ने गुरुवार को कर्रा और लोधमा में तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा एवं खूंटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाकर देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से देशहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा अड़की मंडल अध्यक्ष परशुराम, कर्रा मंडल अध्यक्ष किशोर बड़ाईक और लोधमा मंडल अध्यक्ष ज्ञान रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।