जबलपुर, 21 नवंबर । जबलपुर नगर निगम सदन की बैठक में शनिवार को शहर के विकास, सुविधाओं और व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर जमकर मंथन हुआ। कहीं चौराहों और सड़कों के नाम बदलने के प्रस्ताव रखे गए, तो कहीं जमीन आवंटन और ठेकों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में 32 प्रस्तावों में से 31 को सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई, लेकिन स्वच्छता रैंकिंग और वार्डों की स्थिति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
नगर निगम सदन की साधारण बैठक में शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। महापौर और एमआईसी की ओर से पेश किए गए 32 प्रस्तावों में से 31 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए, जबकि 32वें प्रस्ताव पर भोजन अवकाश के बाद चर्चा जारी रखने की बात कही गई। बैठक में चौराहों और सड़कों के नामकरण, जमीन आवंटन, रोड चौड़ीकरण और ठेकों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। राइट टाउन चौराहे पर राष्ट्र कवि प्रतिमा स्थल का नाम डॉ. मैथिलीशरण गुप्त के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी शामिल रहा।
इसके अलावा मानस चौराहा से दमोहनाका और लमती के नामकरण, कठौंदा में पटाखा व्यापारियों को जमीन आवंटित करने और सड़क चौड़ीकरण में अधिग्रहित जमीन की राशि वितरण जैसे विषय उठे। दो जोन के ठेकेदारों द्वारा आपसी सहमति से जोन बदलने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने जोन व्यवस्था यथावत रखने की मांग की, जिसे महापौर ने स्वीकार किया। वहीं स्वच्छता रैंकिंग और वार्डों की वास्तविक स्थिति को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। दोनों पक्षों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर अपने-अपने तर्क रखे।