कन्हैयालाल हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

Spread the love

डूंगरपुर, 31 जुलाई । डूंगरपुर जिले की वरदा थाना पुलिस ने नालवाड़ा गांव में हुए चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वरदा थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को नालवाड़ा निवासी नगजी पुत्र कचरा डामोर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 11 जुलाई की रात उनका 19 वर्षीय पोता कन्हैयालाल घर के आंगन में खाट पर सो रहा था। इसी दौरान गांव का महिपाल पुत्र नानूराम परमार वहां पहुंचा और जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैयालाल को पहले सामान्य अस्पताल डूंगरपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे महाराणा भूपाल चिकित्सालय, उदयपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान वह कोमा में चला गया और 26 जुलाई को उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने प्रारंभ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कन्हैयालाल की मृत्यु के बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी गई।

देवेन्द्रसिंह ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिपाल को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।