आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण : केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके

Spread the love

बैतूल, 26 सितम्बर । केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन सेवा मिलन के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री उइके शनिवार को मध्य प्रदेश में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत बैतूल जिले में आयोजित “आंगन सेवा मिलन” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्र के नौनिहाल बच्चों का शिक्षण, लालन-पालन एवं सर्वांगीण विकास किया जाता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं घर-घर पहुंचकर कुपोषण, एनीमिया, सिकल सेल, टीबी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और जरूरतमंदों को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

बैतूल के विवेकानंद वार्ड ग्रीन सिटी के आंगनबाड़ी केंद्र में में आयोजित जिला स्तरीय “आंगन सेवा मिलन” कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, विकास वार्ड पार्षद आनंद प्रजापति, विकास मिश्रा, रश्मि साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात जिला पंचायत सीईओ जायसवाल ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां भी दी।

आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभान्वित हितग्राही आरती पवार ने योजना से मिले लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें काफी मदद मिली है। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की जा रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से राष्ट्र निर्माण में पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशानुरूप आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने के उद्देश्य से आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिले में यह कार्यक्रम 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश कुमार वर्मा, सहायक संचालक विवेक उईके सहित लाभान्वित हितग्राही उपस्थित रहे।