मप्र के धार में भोजशाला के पीछे निर्धारित भूमि पर हुई जुमे की नमाज, गर्भगृह में हुआ हनुमान चालीसा का पाठ

Spread the love

धार, 04 सितंबर । मध्य प्रदेश के धार जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर चल रहे विवाद के बीच लगातार छठे शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर निर्धारित की गई भूमि सर्वे नंबर 612 पर जुमे की नमाज अदा की गई। वहीं, भोजशाला के गर्भग्रह में हिन्दू समाज के लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से पूरे हुए।

उच्चतम न्यायालय द्वारा दी गई अंतरिम व्यवस्था के तहत शुक्रवार को भोजशाला के पीछे स्थित स्थल पर नमाज के लिए मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे। पिछले शुक्रवार की तुलना में इस बार नमाजियों की संख्या कम रही। खसरा नंबर 612 की जमीन पर कड़ी सुरक्षा के बीच मुस्लिम समाज के 200 से ज्यादा लोगों ने नमाज पढ़ी। तय जगह पर नमाज के लिए लोग लगातार पहुंचते रहे। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई।

इधर, भोजशाला के गर्भगृह में मां वाग्देवी का पूजन-दर्शन किया गया। यहां हनुमान चालीसा का पाठ भी हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग थे और भोजशाला मां वाग्देवी व हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठी। इस तरह दोनों पक्षों की आयोजन को देखते हुए भोजशाला परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

जन्माष्टमी को लेकर तीन लेयर सुरक्षा

जन्माष्टमी को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। प्रशासन की प्राथमिकता दोनों पक्षों की गतिविधियों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रही। भोजशाला के आसपास तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे। शहर में भी पुलिस लगातार गश्त करती रही। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की व्यवस्था पर नजर रखी।

गौरतलब है कि भोजशाला से जुड़े मामले में 15 मई 2026 को उच्च न्यायालय के फैसले के बाद मुस्लिम समाज ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया है। मामले की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम व्यवस्था के तहत भोजशाला के समीप जुमे की नमाज के लिए व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन द्वारा न्यायालय के निर्देशों के अनुसार भोजशाला के पीछे सर्वे नंबर 612 पर नमाज की व्यवस्था की जा रही है।

शुक्रवार को नमाज के लिए मुस्लिम समाज के लोगों का पहुंचना दोपहर करीब एक बजे से शुरु हुआ। हालांकि पिछले शुक्रवार को स्थल पर जगह कम पड़ने की स्थिति बनी थी। इसे देखते हुए इस बार नमाजियों की संख्या कम रही। करीब 200 से अधिक लोग नमाज में शामिल हुए। निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई और इसके बाद लोग वहां से रवाना हो गए।